सोने-चांदी की कीमतों में मंगलवार, 22 सितंबर को एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,205 घटकर करीब ₹1.52 लाख रह गई। वहीं एक किलो चांदी का भाव ₹2,412 कम होकर करीब ₹2.33 लाख पर आ गया। इससे पहले सोमवार को भी सोने की कीमत में ₹390 और चांदी में ₹1,916 की गिरावट आई थी। इस तरह दो दिनों में चांदी 4 हजार रुपये से ज्यादा और सोना करीब ₹1,500 सस्ता हो चुका है।
गिरावट लंबी चलेगी या फिर पलटेंगे भाव?
बाजार में फिलहाल सोने-चांदी की कीमतों को लेकर उतार-चढ़ाव बना हुआ है। ब्याज दरों में बदलाव से सोने की मांग और कीमतों पर दबाव पड़ सकता है, जबकि दूसरी ओर भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितता जैसे कारक सोने को सुरक्षित निवेश के तौर पर समर्थन दे सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कीमतों की दिशा कई वैश्विक आर्थिक संकेतकों पर निर्भर रहने की संभावना है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक मौजूदा कमजोरी के बीच निवेशकों को जल्दबाजी से बचना चाहिए। हालांकि कीमतों में बड़ी गिरावट आती है तो लंबी अवधि के निवेशकों के लिए खरीदारी का अवसर भी बन सकता है।
इस साल सोना करीब ₹19 हजार महंगा
साल 2026 में सोने की कीमत में बड़ी तेजी देखने को मिली है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने का भाव करीब ₹1.33 लाख था, जो अब करीब ₹1.52 लाख पर पहुंच गया है। यानी साल की शुरुआत से अब तक सोना करीब ₹19 हजार महंगा है।
यह भी पढे़ :https://www.tamsasanket.com/ram-mandir-donation-theft-case/
चांदी की कीमत भी साल के दौरान ऊंचे स्तर पर पहुंची। 31 दिसंबर 2025 को एक किलो चांदी का भाव करीब ₹2.30 लाख था, जो अब ₹2.33 लाख के आसपास है। हालांकि जनवरी में दोनों धातुओं ने रिकॉर्ड स्तर भी देखा था। 29 जनवरी को सोने का भाव ₹1.76 लाख और चांदी का भाव ₹3.86 लाख प्रति किलो के ऑलटाइम हाई तक पहुंचा था।









