आठ गिरफ्तारी से खुलने लगी बरियावन बुलडोजर कांड की कड़ी

घर ढहाने में इस्तेमाल तीन जेसीबी सीज, पुलिस का दावा- जमीन कब्जाने के लिए बनाया था संगठित गिरोह

अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन बाजार में आधी रात तीन जेसीबी से घर और दुकानें ढहाने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की तीन टीमों ने दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। घटना में इस्तेमाल तीन जेसीबी मशीनों को भी सीज कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, कीमती जमीन पर कब्जे के लिए लोगों में भय पैदा कर आठ घरों और आसपास के अन्य मकानों को ढहाया गया था।

तीन जेसीबी लेकर पहुंचे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, बरियावन बाजार में रात के समय तीन जेसीबी लेकर पहुंचे लोगों ने कई घरों और दुकानों को गिरा दिया था। आसपास के लोगों को डराने-धमकाने का भी आरोप है। घटना के बाद मारपीट, धमकी, तोड़फोड़, जबरन कब्जे और संगठित अपराध से जुड़े आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में तीन टीमें गठित की गई थीं।

पुलिस ने मौके पर इस्तेमाल तीनों जेसीबी को सीज कर दिया। इनमें UP 42 CT 2171, UP 45 AT 2108 और UP 45 AT 4723 शामिल हैं।

कमजोर लोगों की जमीन पर कब्जे का आरोप

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी संगठित तरीके से काम कर रहे थे। आरोप है कि गिरोह के सदस्य गरीब और कमजोर लोगों की कीमती जमीन पर कब्जे का प्रयास करते थे। बरियावन की घटना को भी पुलिस इसी गतिविधि से जोड़कर जांच कर रही है।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आए हैं।

यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/beti-diwas-jalalpur-ambedkar-nagar/#google_vignette

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button