नई दिल्ली। भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने वैश्विक विमानन जगत में एक और उपलब्धि हासिल की है। Skytrax World Airline Awards 2026 में इंडिगो को दुनिया की बेस्ट लो-कॉस्ट एयरलाइंस की टॉप-10 सूची में जगह मिली है। इंडिगो 9वें स्थान पर रही। वहीं मलेशिया की एयरलाइन AirAsia लगातार 17वीं बार दुनिया की नंबर-1 लो-कॉस्ट एयरलाइन बनी है। Skytrax के ये अवॉर्ड 18 सितंबर 2026 को लंदन में आयोजित समारोह में घोषित किए गए।
भारत और दक्षिण एशिया में 16वीं बार अवॉर्ड
इंडिगो के लिए सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक भारत और दक्षिण एशिया क्षेत्र में मिली पहचान है। Skytrax ने उसे 16वीं बार Best Low-Cost Airline – India & South Asia का अवॉर्ड दिया है। Skytrax के मुताबिक यह सम्मान यात्रियों के वैश्विक सर्वे के आधार पर दिया जाता है। इस साल का सर्वे सितंबर 2025 से अगस्त 2026 तक चला, जिसमें 100 से ज्यादा देशों के यात्रियों ने हिस्सा लिया।
इंडिगो भारत के घरेलू विमानन बाजार में बड़ी हिस्सेदारी रखती है और एशिया, मध्य पूर्व, अफ्रीका तथा यूरोप के कई अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए भी उड़ानें संचालित करती है।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/bank-strike-2026-atm-cash-free-september-28-30/
टॉप-10 में कौन-कौन?
Skytrax की 2026 की दुनिया की बेस्ट लो-कॉस्ट एयरलाइंस की सूची में शीर्ष 10 में ये एयरलाइंस शामिल रहीं—
- AirAsia
- Scoot
- Vueling Airlines
- Eurowings
- Iberia Express
- Volotea
- Transavia
- Flynas
- IndiGo
- Allegiant Air
AirAsia ने लगातार 17वीं बार जीता खिताब
मलेशिया की AirAsia ने एक बार फिर दुनिया की बेस्ट लो-कॉस्ट एयरलाइन का खिताब अपने नाम किया। Skytrax के अनुसार एयरAsia 2010 से हर साल यह पुरस्कार जीत रही है। यानी 2026 में यह उसका लगातार 17वां खिताब है। कंपनी के कुआलालंपुर हब से 25 देशों के 166 गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित होती हैं।
Skytrax अवॉर्ड यात्रियों के सर्वे पर आधारित
World Airline Awards को Skytrax की ओर से यात्रियों की पसंद पर आधारित पुरस्कार के तौर पर आयोजित किया जाता है। 2026 के सर्वे में दुनिया भर के लाखों यात्रियों की प्रतिक्रियाएं शामिल की गईं। Skytrax के अनुसार सर्वे में मिली प्रविष्टियों की जांच कर डुप्लीकेट और संदिग्ध प्रविष्टियों को हटाया गया।
दुनिया की बेस्ट एयरलाइन का खिताब सिंगापुर एयरलाइंस को
2026 के World Airline Awards में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ एयरलाइन का खिताब Singapore Airlines को मिला। Qatar Airways दूसरे और Cathay Pacific तीसरे स्थान पर रही। इस साल के अवॉर्ड समारोह में 300 से ज्यादा एयरलाइंस के सर्वे परिणामों के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए गए।









