- डौकी क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे हुआ हादसा
- दिल्ली से बलिया जा रहे थे कार सवार
- पिछली सीट पर बैठे तीन लोगों की मौत
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार क्रेटा कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने के बाद कई बार पलट गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसा डौकी थाना क्षेत्र में सुबह करीब सात बजे हुआ। कार सवार दिल्ली से बलिया जा रहे थे।
140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार बताई गई
पुलिस के मुताबिक हादसे के समय कार की रफ्तार करीब 140 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और फिर सड़क पर कई बार पलटती चली गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची।
पिछली सीट पर बैठे तीन लोगों की मौत
हादसे में पिछली सीट पर बैठे जयप्रकाश, भूपेंद्र और कपिल की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, टक्कर और कार के पलटने के दौरान तीनों उछलकर एक्सप्रेसवे के नीचे खाई में जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत होने की बात सामने आई है।
वहीं आगे बैठे ड्राइवर जसवंत और चंद्रकांत ने सीट बेल्ट लगा रखी थी। टक्कर के दौरान कार के एयरबैग खुल गए, जिससे दोनों को गंभीर चोटों से बचाव हुआ। दोनों घायल हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे में कार के परखच्चे उड़े
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के साइड हिस्से भी पिचक गए और पहिए तक अलग हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटवाया।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/vrindavan-premanand-shishya-death/
हवा में उछलने के बाद सड़क पर पलटी कार
यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधा मोहन द्विवेदी के मुताबिक, हादसे के दौरान कार हवा में कई फीट तक उछली। इसके बाद सड़क पर गिरकर कई बार पलटते हुए डिवाइडर से टकराई। टक्कर के तुरंत बाद एयरबैग खुल गए। जसवंत और चंद्रकांत एयरबैग और सीट के बीच फंस गए थे, जिससे उनकी जान बच गई।
दिल्ली से बलिया जा रहे थे कार सवार
पुलिस के मुताबिक कार सवार दिल्ली से बलिया की ओर जा रहे थे। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति रही। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









