- डीएम ने की अभियान की समीक्षा, 27 सितंबर तक सभी विभागों से मांगी कार्ययोजना; हाईरिस्क क्षेत्रों में विशेष निगरानी
अम्बेडकरनगर। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान 2026 की समीक्षा बैठक हुई। अभियान एक से 31 अक्टूबर तक चलेगा। बैठक में विभागवार तैयारियों और कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
30 सितंबर तक दवा उपलब्ध कराने के निर्देश
डीएम ने सभी एडीओ पंचायतों को निर्देश दिए कि 30 सितंबर तक जिला प्रतिरक्षण अधिकारी से फॉगिंग और एंटी लार्वा की दवा प्राप्त कर लें। जिला पंचायत राज अधिकारी को प्राथमिक विद्यालयों में फॉगिंग और एंटी लार्वा छिड़काव के लिए पांच दिन का रोस्टर तैयार कराने को कहा गया।
रोस्टर के अनुसार कार्रवाई के लिए एडीओ पंचायत और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए।
हाईरिस्क क्षेत्रों पर रहेगी खास नजर
नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में हाईरिस्क स्थानों को चिह्नित कर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को नियमित भ्रमण करने को कहा गया।
अधिकारियों को साफ-सफाई, जलभराव और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
27 सितंबर तक देनी होगी कार्ययोजना
डीएम ने सभी संबंधित विभागों को 27 सितंबर तक अपनी विभागीय कार्ययोजना अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि पिछले अभियान में जिन स्थानों पर कार्रवाई की गई थी, इस बार उनसे अलग क्षेत्रों को भी कार्ययोजना में प्राथमिकता दी जाए।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-rain-wind-power-cut-roads-blocked/









