अम्बेडकरनगर। कटेहरी बाजार में घर के सामने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कथित कब्जे का मामला अब मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। पीड़ित सत्यम ने गोरखपुर में मुख्यमंत्री के जनता दर्शन में पहुंचकर शिकायत की। मुख्यमंत्री ने शिकायत सुनकर मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने पीडब्ल्यूडी की जमीन पर पक्का निर्माण कर टीनशेड डाल दिया है। इससे उसके घर का सहन और दरवाजा बंद हो गया है। कब्जा हटाने की शिकायत करने पर मारपीट की धमकी देने का भी आरोप है।
मंत्री के निर्देश के आठ दिन बाद भी स्थिति जस की तस
सत्यम ने 17 सितंबर को मंत्री ओम प्रकाश राजभर से मुलाकात कर मामले की शिकायत की थी। पीड़ित के मुताबिक, मंत्री ने जिलाधिकारी को कब्जा हटवाने के निर्देश दिए थे। शिकायत के आठ दिन बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
पीड़ित का कहना है कि करीब 15 दिन पहले पीडब्ल्यूडी की टीम कब्जा हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी। हालांकि, टीम कार्रवाई किए बिना वापस लौट गई।
यह भी पढ़े :https://www.tamsasanket.com/ambedkar-nagar-sp-prachi-singh-crime-review/
अपनी ही जमीन से कब्जा नहीं हटा पा रहा विभाग
पीड़ित का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी की जमीन पर कब्जे की जानकारी होने के बावजूद विभाग अब तक अतिक्रमण नहीं हटा सका है। मंत्री और जिलाधिकारी के निर्देश के बाद भी कार्रवाई न होने को लेकर उसने मुख्यमंत्री से शिकायत की है।
अब मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पीड़ित को कार्रवाई की उम्मीद है। मामले में पीडब्ल्यूडी की ओर से कब्जे की स्थिति और आगे की कार्रवाई स्पष्ट किया जाना बाकी है।









