PM मोदी ने पायलट स्मित मच्छार से की बात

फ्लाईदुबई कॉकपिट हमले के बाद घायल कैप्टन से करीब 9 मिनट वीडियो कॉल पर बात, स्मित ने सुनाया आंखों देखा हाल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाईदुबई के घायल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर बात की और उनकी बहादुरी, सूझबूझ और धैर्य की सराहना की। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में 30 सितंबर को कॉकपिट के अंदर हुए हमले के दौरान स्मित गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाबी हासिल की, जिससे यात्रियों और क्रू को हस्तक्षेप करने का मौका मिला और विमान को सुरक्षित रूप से सऊदी अरब के तबुक पहुंचाया गया। विमान में 174 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे।

मोदी बोले- पूरा देश आपके लिए प्रार्थना कर रहा था

वीडियो कॉल के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा था और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा था। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्मित के साहस, धैर्य और सूझबूझ से विमान में सवार कई लोगों की जान बचाने में मदद मिली।

मोदी ने स्मित के परिवार की हिम्मत की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी कठिन परिस्थिति में परिवार का संयम बनाए रखना भी बड़ी बात है। प्रधानमंत्री ने स्मित की मां गीताबेन और पिता भूपेंद्रभाई के संस्कारों का भी उल्लेख किया।

यह भी पढ़े :khttps://www.tamsasanket.com/putin-nato-warning-kaliningrad-nuclear-threat/

स्मित ने सुनाया कॉकपिट के अंदर का घटनाक्रम

प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान स्मित ने घटना के बारे में बताया कि वह विमान उड़ा रहे थे, तभी अचानक हुए घटनाक्रम में वह नीचे गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं। इसके बावजूद उन्हें महसूस हुआ कि विमान तेजी से नीचे जा रहा है। उन्हें समझ आ गया कि तत्काल कुछ करना जरूरी है।

स्मित ने बताया कि उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद बाहर मौजूद लोगों को अंदर पहुंचने और स्थिति संभालने का मौका मिला। रिपोर्टों के मुताबिक, हमले के बाद विमान तेजी से नीचे आया था और बाद में यात्रियों तथा क्रू के हस्तक्षेप से स्थिति को नियंत्रित किया गया।

बोले- मुश्किल समय में हनुमान चालीसा पढ़ता हूं

बातचीत के दौरान स्मित ने बताया कि मुश्किल समय में वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं और घटना के समय भी वह हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उस कठिन परिस्थिति में उन्हें इससे हिम्मत मिली।

स्मित ने प्रधानमंत्री से बातचीत के दौरान भावुक होते हुए कहा कि उनके लिए पीएम मोदी का फोन आना गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बात करने का मौका मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button