अंबेडकरनगर। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अमरजीत मौर्य का शनिवार को जिले की सीमा से लेकर जिला कार्यालय अटल भवन तक स्वागत किया गया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने पिछड़ा वर्ग मोर्चा को संगठनात्मक रूप से मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की जिम्मेदारी होगी।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित अभिनंदन समारोह में जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने अमरजीत मौर्य को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने में मोर्चा की अहम भूमिका है।
कार्यकर्ताओं को साथ लेकर बढ़ाने पर जोर
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अमरजीत मौर्य ने पार्टी नेतृत्व और जिलाध्यक्ष के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पिछड़ा वर्ग मोर्चा को मजबूत बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन मनोज मौर्य ने किया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य, विकास मोदनवाल, जिला महामंत्री बाबा राम शब्द यादव, डॉ. विनोद कुमार, जिला मीडिया प्रभारी वाल्मीकि उपाध्याय और अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष परशुराम चौधरी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।









