नोएडा में एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने 5 दुकानों में लगी आग

सिलेंडर फटने से दहशत- दमकल की चार गाड़ियों ने 30 मिनट में पाया काबू, हादसे में कोई जनहानि नहीं

नोएडा। सेक्टर-125 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के सामने चाय-नाश्ते की दुकानों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में पांच दुकानें आ गईं। इस दौरान छोटे सिलेंडर फटने की आवाजें सुनाई देने से मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

दो से तीन बार सुनाई दी सिलेंडर फटने की आवाज

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, आग लगने के दौरान दो से तीन बार छोटे सिलेंडर फटने जैसी आवाजें सुनाई दीं। इससे आसपास मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।

दुकानों में रखा सामान जलने की आशंका

आग से दुकानों में रखे सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button