नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बना मौसम तंत्र लगातार सक्रिय हो रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन अगले 24 घंटे में डीप डिप्रेशन में बदल सकता है। यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगर यह चक्रवाती तूफान में बदलता है तो इसे ‘अर्नब’ नाम दिया जाएगा, जो बांग्लादेश की ओर से सुझाया गया नाम है। हालांकि, मंगलवार तक इसके चक्रवाती तूफान बनने की बात अभी निश्चित नहीं है।
इस सिस्टम के प्रभाव से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में मंगलवार को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी में मानसून कमजोर, पहाड़ों की बारिश से नदियां उफान पर
उत्तर प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं, लेकिन पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। उन्नाव के कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति के कारण सड़कों पर नाव चलाने की नौबत आई है। 24 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के 14 जिलों में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है।
मध्य प्रदेश और बिहार में भी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में 24 सितंबर से कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी है। राज्य में अब तक मानसून की करीब 91 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। बिहार में पटना समेत 19 जिलों और छत्तीसगढ़ के सात जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। केरल में भी मंगलवार को लगातार दूसरे दिन तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान से मानसून की विदाई शुरू
राजस्थान से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। सोमवार को प्रदेश में अधिकांश जगह मौसम साफ रहा। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।









