अंबेडकरनगर। मतदाता जागरूकता सर्वोदय कप में क्रिएटर्स चैंपियन्स अंबेडकरनगर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जय हीरो एजेंसी को आठ विकेट से हरा दिया। जेएसआर क्रिकेट मैदान पर शनिवार सुबह खेले गए मुकाबले में राहुल पांडेय जीत के नायक रहे। उन्होंने पहले गेंदबाजी में चार विकेट झटके और फिर महज 15 गेंदों पर 49 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। उनके प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और बेस्ट गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया।
आराध्या श्री फाउंडेशन की ओर से आयोजित मुकाबले में टॉस जीतकर क्रिएटर्स चैंपियन्स ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जय हीरो एजेंसी ने 12 ओवर में पांच विकेट पर 94 रन बनाए। कप्तान रवि भद्र सिंह ने एक छोर संभालते हुए 43 रन की संयमित पारी खेली। अभिषेक ने 12 और पंकज ने 10 रन बनाए। क्रिएटर्स चैंपियन्स की ओर से राहुल पांडेय ने 17 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि फागू भैया को एक विकेट मिला।
15 गेंदों पर 49 रन, छह ओवर में लक्ष्य हासिल
95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी क्रिएटर्स चैंपियन्स ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। राहुल पांडेय ने पांच चौके और चार छक्के की मदद से 15 गेंदों पर 49 रन बनाए। गौरव ने 14 और राजू ने 10 रन का योगदान दिया। टीम ने महज छह ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जय हीरो एजेंसी की ओर से दीपक और आदर्श को एक-एक विकेट मिला।









