प्रतापगढ़। मेडिकल कॉलेज में रविवार सुबह MBBS छात्र मिथिलेश कुमार का शव हॉस्टल के नीचे पार्क में मिला। सुबह करीब 8 बजे अन्य छात्रों ने शव देखा तो परिसर में चीख-पुकार मच गई। मिथिलेश बलिया का रहने वाला था और वर्ष 2024 बैच में पढ़ाई कर रहा था।
छत पर मिले दो मोबाइल और चश्मा
मिथिलेश हॉस्टल की पहली मंजिल पर कमरा नंबर 211 में रहता था। हॉस्टल की सातवीं मंजिल यानी छत पर उसके दो मोबाइल फोन और चश्मा मिला है। सूचना पर पहुंचे एएसपी आलोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद छात्र के कमरे की जांच की गई, जहां से मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए गए।
दोस्तों ने बताई शनिवार शाम की जानकारी
मिथिलेश के दोस्तों के मुताबिक, वह शनिवार शाम अकेले चाय पीने के लिए कॉलेज से बाहर गया था। इसके बाद उसने हॉस्टल की मेस में खाना खाया। फिलहाल कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
छात्र की मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस हत्या, आत्महत्या या हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।









