अंबेडकरनगर। रामनगर स्थित जय बजरंग इंटरमीडिएट कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय संस्कृति महोत्सव का सोमवार को समापन हुआ। प्रतियोगिताओं में लखीमपुर खीरी ने पहला, उन्नाव ने दूसरा और लखनऊ ने तीसरा स्थान हासिल किया। महोत्सव में 13 जिलों के विद्यार्थियों ने संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच, कहानी कथन, भाषण, मूर्तिकला और लोकनृत्य जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया।
संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच की शिशु वर्ग में उन्नाव, बाल वर्ग में लखीमपुर खीरी, किशोर वर्ग में गोंडा और तरुण वर्ग में उन्नाव की टीम विजेता रही। कहानी कथन के शिशु वर्ग में बाराबंकी की अन्नपूर्णा यादव और बाल वर्ग में अयोध्या के तुलसीनगर की सृष्टि ने पहला स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता के किशोर वर्ग में सीतापुर के अभिनव शुक्ल और तरुण वर्ग में लखीमपुर खीरी की शुचि मौर्य विजेता रहीं। मूर्तिकला के बाल वर्ग में लखनऊ के निराला नगर के तानिष्क और किशोर वर्ग में रायबरेली की राशि मौर्य ने बाजी मारी। लोकनृत्य में लखनऊ के सेक्टर-क्यू स्थित सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राओं ने पहला स्थान हासिल किया।
उद्घाटन समारोह में भाजपा के प्रदेश संकुल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक मिथिलेश कुमार त्रिपाठी, भारतीय शिक्षा समिति उत्तर प्रदेश पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय निरीक्षक रामजी सिंह, जय बजरंग शिक्षा समिति के संरक्षक शिवपूजन वर्मा, जय बजरंग ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के प्रबंधक अंजनी कुमार वर्मा और प्रधानाचार्य डॉ. राजेंद्र सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि मिथिलेश कुमार त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, सभ्यता और जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना और अपनी प्रतिभा दिखाना महत्वपूर्ण है। असफल होने वाले विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास करते रहना चाहिए। समापन पर साकेत संभाग के निरीक्षक गोपाल राम मिश्र ने आभार जताया। इस दौरान दीपक चंदेल, जयशंकर त्रिपाठी, दीपिका श्रीवास्तव, प्रभाकर मिश्र सहित शिक्षक मौजूद रहे।









