गोमती नदी में छोड़ी गईं एक लाख मत्स्य अंगुलिकाएं,

मछलियों की संख्या बढ़ाने की पहल

लखनऊ। गोमती नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाने और जलीय संसाधनों के संरक्षण के उद्देश्य से बुधवार को विशेष पहल की गई। लक्ष्मण पार्क के पास नदी में एक लाख मत्स्य अंगुलिकाएं यानी मछलियों के बच्चों को छोड़ा गया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और मत्स्य मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद मौजूद रहे। दोनों ने नदी में मछलियों के बच्चों को प्रवाहित किया।

इस पहल का उद्देश्य गोमती नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाने के साथ मत्स्य संसाधनों का संवर्धन करना है। इससे जलीय जीवों के संरक्षण और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

नदियों का संरक्षण सभी की जिम्मेदारी: ब्रजेश पाठक

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि नदियां हमारी जीवनरेखा और प्राकृतिक धरोहर हैं। गोमती नदी की स्वच्छता बनाए रखना, जलीय जीवों की सुरक्षा करना और पर्यावरणीय संतुलन कायम रखना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नदियों के संरक्षण, जलीय जीवों की सुरक्षा और पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नदी के प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

भारतीय मेजर कार्प प्रजाति के बच्चे छोड़े गए

कार्यक्रम के तहत गोमती नदी में भारतीय मेजर कार्प प्रजाति की मछलियों के बच्चों को प्रवाहित किया गया। इस पहल के जरिए नदी में मछलियों की संख्या बढ़ाने और उनके संरक्षण को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नदी और जलीय जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button