अंबेडकरनगर। जिले में बुधवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत तीन स्थानों पर विवाह समारोह आयोजित किए गए। इनमें कुल 168 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। बरियावन, अकबरपुर और बंदीपुर-भियांव में हुए आयोजनों में अलग-अलग विकास खंडों और नगरीय निकायों के पात्र लाभार्थियों ने हिस्सा लिया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में वैवाहिक रस्में पूरी कराई गईं।
बरियावन स्थित पैराडाइज गार्डन में 54 जोड़ों का विवाह हुआ। समारोह में रामनगर, टांडा और बसखारी विकास खंडों के साथ इल्तिफातगंज, अशरफपुर किछौछा और टांडा नगर निकाय क्षेत्र के लाभार्थी शामिल हुए। यहां विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, जिला पंचायत प्रशासक श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया, टांडा की पूर्व विधायक संजू देवी और भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा मौजूद रहे।
अकबरपुर के पहितीपुर रोड स्थित जयश्री मैरिज लॉन में सबसे अधिक 61 जोड़ों का विवाह कराया गया। इसमें अकबरपुर, भीटी और कटेहरी विकास खंडों तथा अकबरपुर नगर पालिका क्षेत्र के लाभार्थी शामिल हुए। कटेहरी विधायक धर्मराज निषाद, ब्लॉक प्रमुखों, अकबरपुर नगर पालिका अध्यक्ष और जिला विकास अधिकारी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
बंदीपुर, भियांव स्थित जगरदेव बाबा सद्भावना लॉन में 53 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसमें जहांगीरगंज, भियांव और जलालपुर विकास खंडों के साथ जहांगीरगंज, राजेसुल्तानपुर और जलालपुर नगर निकाय क्षेत्रों के लाभार्थी शामिल रहे। यहां पूर्व सांसद रितेश पांडेय, भियांव और जलालपुर के ब्लॉक प्रमुख तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च का प्रावधान
जिला समाज कल्याण अधिकारी के अनुसार, योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च किए जाने का प्रावधान है। इसमें 21 हजार रुपये की विवाह उपहार सामग्री और 15 हजार रुपये आयोजन व्यवस्था के लिए निर्धारित हैं। शेष 64 हजार रुपये विवाहित कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित किए गए।









