उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी स्थित केदारताल ट्रैक पर हिमस्खलन और बर्फबारी की चपेट में आकर लापता हुए 8 लोगों में से अब तक 5 की मौत हो चुकी है। बुधवार सुबह चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान तीन और शव बरामद किए गए। इनमें लखनऊ के गायत्रीपुरम निवासी ट्रैकर बहनें वर्तिका वर्मा और दीपिका वर्मा भी शामिल हैं।
इससे पहले मंगलवार को भी दो शव मिले थे। अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी तीन लापता लोगों की तलाश जारी है।
ITBP की टीम भी रेस्क्यू अभियान में शामिल
लापता लोगों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को भी शामिल किया गया है। ITBP की टीम विशेष हेलिकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।
इसके अलावा NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (NIM) की टीमें भी लगातार तलाशी अभियान में जुटी हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और खराब मौसम के कारण बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
29 अक्टूबर को हिमस्खलन की चपेट में आए थे 8 लोग
यह हादसा 29 अक्टूबर को भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास हुआ था। यहां हिमस्खलन और भारी बर्फबारी की चपेट में आने से 8 लोग लापता हो गए थे। इनमें पश्चिम बंगाल के पांच ट्रैकर, उत्तर प्रदेश की दो ट्रैकर और उत्तरकाशी के स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल थे।
हादसे के बाद से ही बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। इससे पहले घटनास्थल के पास कुछ सामान भी मिला था।
जिला अस्पताल लाए जा रहे शव
बरामद किए गए पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है। बचाव दलों का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है। खराब मौसम और लगातार हो रही बर्फबारी के कारण अभियान में बाधा आ रही है। तीन लापता लोगों का पता लगाने के लिए टीमें जुटी हुई हैं।









