राहुल गांधी को राजभर की खुली चुनौती, बोले- पहले मुझसे करें बहस

कांग्रेस के 60 साल के शासन से लेकर किसी भी मुद्दे पर चर्चा को तैयार होने का दावा, अखिलेश यादव को भी घेरा; काशी, अयोध्या और मथुरा जाने को लेकर उठाए सवाल

अंबेडकरनगर। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार को सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहस करने से पहले खुद उनसे आमने-सामने चर्चा करने की चुनौती दी। राजभर ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल के शासन या राहुल गांधी के पसंद के किसी भी मुद्दे पर वह बहस के लिए तैयार हैं।

राहुल की चुनौती पर राजभर का पलटवार, मोदी का भी किया जिक्र

राजभर ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना राजनीति नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि मोदी के सामने बैठते ही राहुल गांधी का आधा बल खत्म हो जाएगा। अपनी बात के समर्थन में उन्होंने पौराणिक प्रसंग का हवाला दिया। कहा कि जिस तरह बाली के सामने जाने पर विरोधी का आधा बल खत्म हो जाता था, उसी तरह मोदी के सामने राहुल गांधी की ताकत भी आधी रह जाएगी। राजभर ने राहुल गांधी पर देश के खिलाफ बयान देने का आरोप भी लगाया।

अखिलेश की राजनीति पर सवाल, मंदिरों में दर्शन को लेकर घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए राजभर ने आरोप लगाया कि उनकी राजनीति भाजपा का नाम लिए बिना नहीं चलती। उन्होंने कहा कि मुस्लिम वोट बैंक की नाराजगी के डर से अखिलेश काशी, अयोध्या और मथुरा जाने से बचते हैं। राजभर ने दावा किया कि अखिलेश यादव मथुरा में भगवान कृष्ण के दर्शन करने से डरते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अखिलेश अयोध्या में चक्र और त्रिशूल लेकर घूमे, लेकिन रामलला के दर्शन नहीं किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button