अंबेडकरनगर। जालौन की कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार एडवोकेट के अपहरण और हत्या के विरोध में मंगलवार को जिले के अधिवक्ताओं ने आवाज उठाई। बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील यादव के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर घटना में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं अधिवक्ताओं की सुरक्षा से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में हुई घटना पर भी चिंता जताई।
मृतक के परिवार के लिए चार प्रमुख मांगें
अधिवक्ताओं ने मृतक के आश्रितों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। इसके साथ ही मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग उठाई।
सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग
बार एसोसिएशन अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं। उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। अधिवक्ताओं पर हो रहे हमलों को रोकने के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए।
ज्ञापन देने वालों में सचिव अनिल वर्मा, सह सचिव पूजा वर्मा, पूजा यादव, प्रशांत यादव, अमित यादव, जोगिंदर सिंह, सुरेंद्रनाथ यादव, सीपी सिंह, कपिल देव वर्मा, पवन यादव, संतोष विश्वकर्मा, रामचंदर राजभर, रामसागर यादव, अनिल सिंह, बाबूलाल वर्मा, राजीव सिंह और मानस पटेल सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।









