लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (BSP) 6 दिसंबर को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर लखनऊ के अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर विशाल श्रद्धा-सुमन समारोह आयोजित करेगी। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने शुक्रवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ स्मारक परिसर पहुंचे।
उन्होंने परिसर में साफ-सफाई और कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्क की जर्जर हालत देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। सतीश चंद्र मिश्रा ने संबंधित वीसी को फोन कर स्मारक की स्थिति की जानकारी दी और व्यवस्थाओं पर ध्यान देने को कहा।
वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान सतीश चंद्र मिश्रा के साथ बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, घनश्याम खरवार, भीमराव अंबेडकर, विजय प्रताप और मेवालाल गौतम समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
6 दिसंबर के कार्यक्रम की घोषणा के बाद पार्टी नेताओं का यह दौरा तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बसपा इस आयोजन के जरिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को लखनऊ में जुटाने की तैयारी कर रही है।
मायावती ने दिया भीड़ का रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य
5 नवंबर को मायावती ने यूपी के प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में 6 दिसंबर के कार्यक्रम का ऐलान किया था। उन्होंने पदाधिकारियों से समारोह में रिकॉर्ड संख्या में लोगों को जुटाने का संकल्प भी लिया था।
राजनीतिक हलकों में इस आयोजन को दिल्ली में एक नवंबर को हुई इंडिया गठबंधन की रैली और 26 नवंबर को चंद्रशेखर की प्रस्तावित रैली के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है। हालांकि, बसपा की ओर से कार्यक्रम को बाबा साहेब के महापरिनिर्वाण दिवस पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह बताया गया है।









