अंबेडकरनगर। जनपद के ऐसे दिव्यांगजन जिनके हाथ या पैर कट गए हैं अथवा कमजोर हैं, वे कृत्रिम अंग लगवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग उत्तर प्रदेश की कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत यह सुविधा दी जा रही है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी वरुण सिंह ने बताया कि इच्छुक पात्र दिव्यांगजन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के लिए विभाग की वेबसाइट divyangjanup.upsdc.gov.in पर जाना होगा। वहीं, ऑफलाइन आवेदन विकास भवन स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर 56 में जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन के साथ मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, निर्धारित बीपीएल श्रेणी का आय प्रमाण पत्र और आधार कार्ड जमा करना अनिवार्य है। पात्र दिव्यांगजन निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।









