महामाया मेडिकल कॉलेज में पीजी की 16 सीटें बढ़ीं

अब 41 पर होगा दाखिला- जनरल मेडिसिन में सबसे अधिक छह नई सीटें मिलीं, पांच अन्य विभागों में भी बढ़ा पीजी पाठ्यक्रमों का दायरा

अंबेडकरनगर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में स्नातकोत्तर (पीजी) की 16 नई सीटों को स्वीकृति मिली है। इसके साथ ही कॉलेज में पीजी सीटों की कुल संख्या 25 से बढ़कर 41 हो गई है। सीटों में यह बढ़ोतरी पांच विभागों में की गई है। इससे मेडिकल कॉलेज में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पढ़ाई के अवसर बढ़ेंगे।

जनरल मेडिसिन को मिलीं छह नई सीटें

स्वीकृत सीटों में जनरल मेडिसिन विभाग को छह, बायोकेमिस्ट्री और पीडियाट्रिक्स को तीन-तीन तथा पैथोलॉजी और नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग को दो-दो सीटें मिली हैं। इसके बाद जनरल मेडिसिन में पीजी सीटों की संख्या 10, पैथोलॉजी में छह, पीडियाट्रिक्स और कम्युनिटी मेडिसिन में पांच-पांच हो गई है। फॉरेंसिक मेडिसिन और जनरल सर्जरी में चार-चार, बायोकेमिस्ट्री में तीन तथा नेत्र रोग और ईएनटी विभाग में दो-दो सीटें हो गई हैं।

प्रधानाचार्य ने विभागाध्यक्षों को दी बधाई

कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने इस उपलब्धि पर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों और चिकित्सकों को बधाई दी। उन्होंने इसे पूरे जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। कहा कि पीजी सीटें बढ़ने से विशेषज्ञ चिकित्सक तैयार करने की क्षमता बढ़ेगी। इससे भविष्य में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button