अंबेडकरनगर। आलापुर तहसील मुख्यालय परिसर में स्थित पानी की टंकी लंबे समय से बंद पड़ी है। इसके कारण तहसील में आने वाले फरियादियों, वादकारियों और अधिवक्ताओं को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
तहसील परिसर में विभिन्न विभागों के कार्यालय और कर्मचारियों की मौजूदगी के बावजूद पेयजल की समुचित व्यवस्था ठप पड़ी है। पानी की टंकी के बंद रहने से लोगों को बाहर से पानी लाना पड़ रहा है या हैंडपंप पर निर्भर रहना पड़ता है।
गर्मी में बढ़ी परेशानी, व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक परिसर में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा का ठप होना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। दिनभर बड़ी संख्या में फरियादी और वादकारी अपने कार्यों के लिए तहसील पहुंचते हैं, लेकिन पानी उपलब्ध न होने से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
अधिवक्ताओं ने जताई नाराजगी
अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों ने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए तत्काल समाधान की मांग की है। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हृदय राम, कुमार शंकर चौबे, महेंद्र एडवोकेट, सुनील वकील, मनोज कुमार, राकेश कुमार गोंड, अजीत कुमार एडवोकेट, अनिल कुमार, जयप्रकाश, सुरेंद्र कुमार, गजराज यादव, दिनेश सिंह और पूर्व अध्यक्ष अरुण चौबे सहित अन्य अधिवक्ताओं ने पानी की टंकी को जल्द चालू कराने की मांग की है।
स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग
अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले फरियादियों, वादकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि टंकी की मरम्मत कर उसे तत्काल प्रभाव से चालू किया जाए।









