मुंबई। महाराष्ट्र में अजित पवार के विमान हादसे को लेकर सियासी विवाद गहरा गया है। शिवसेना नेता रामदास कदम ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सांसद सुनील तटकरे की भूमिका पर सवाल उठाते हुए हादसे की जांच इस एंगल से भी कराने की मांग की है।
सोमवार को मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कदम ने आरोप लगाया कि तटकरे अपने करीब आने वाले लोगों को खत्म कर देते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहली बार पता चला है कि तटकरे डिप्टी सीएम बनना चाहते थे। इसी आधार पर उन्होंने सवाल उठाया कि कहीं अजित पवार के विमान हादसे में तटकरे की कोई भूमिका तो नहीं थी। कदम ने इस पहलू की जांच कराने की मांग की।
तटकरे बोले- आरोप बेबुनियाद, भेजेंगे कानूनी नोटिस
रामदास कदम के आरोपों पर सुनील तटकरे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद और काल्पनिक बताया। तटकरे ने कहा कि वह इस तरह के आरोपों का जवाब बार-बार नहीं देंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कदम को कानूनी नोटिस भेजने की बात भी कही।
तटकरे ने कहा कि अजित पवार की विमान दुर्घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। वह पहले भी कई बार हादसे की जांच की मांग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना की सच्चाई जल्द से जल्द महाराष्ट्र की जनता के सामने आनी चाहिए।
महायुति के नेताओं को एक-दूसरे पर आरोप लगाने से बचने की सलाह
तटकरे ने सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के नेताओं के बीच जारी बयानबाजी पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हार के बाद गठबंधन ने दोबारा चुनावी सफलता हासिल की है। ऐसे में इस एकजुटता को बनाए रखना जरूरी है।
उनका कहना था कि गठबंधन के नेताओं को विपक्ष पर निशाना साधना चाहिए, न कि आपस में एक-दूसरे की आलोचना करनी चाहिए। महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन में भाजपा, शिवसेना और NCP शामिल हैं।









