थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट के एक पायलट का डोप टेस्ट पॉजिटिव आने का दावा किया जा रहा है। यह फ्लाइट 4 अगस्त को तेज टर्बुलेंस में फंस गई थी। इस दौरान विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया था और 17 लोग घायल हुए थे।
इंडिया टुडे ने सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना के बाद फ्लाइट के दोनों पायलटों का पोस्ट-फ्लाइट ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था। इनमें से एक पायलट की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की बात कही जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच पूरी होने तक दोनों पायलटों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।
फ्लाइट में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे। टर्बुलेंस के दौरान विमान अचानक नीचे आने से यात्रियों को चोटें आई थीं। नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बताया था कि विमान करीब 5 मिनट तक टर्बुलेंस में रहा।
एअर इंडिया ने कहा- टेस्ट रिपोर्ट हमें नहीं मिली
एअर इंडिया ने अपने पायलट के डोप टेस्ट फेल होने की खबर की पुष्टि या खंडन नहीं किया है। एयरलाइन ने कहा कि फ्लाइट के बाद तय प्रोटोकॉल के तहत दोनों पायलटों का ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट कराया गया था, लेकिन टेस्ट रिपोर्ट अभी एअर इंडिया के साथ साझा नहीं की गई है। इसलिए वह इस मामले पर टिप्पणी नहीं कर सकती।









