अंबेडकरनगर। बसखारी की सब्जी मंडी स्थित लक्ष्मी डायग्नोस्टिक सेंटर पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जांच में अल्ट्रासाउंड संचालन से संबंधित वैध अनुमति नहीं मिलने पर टीम ने अल्ट्रासाउंड कक्ष सील कर दिया। हालांकि, एक्सरे, पैथोलॉजी और क्लीनिक के वैध प्रमाणपत्र मिलने पर इनके संचालन की अनुमति दे दी गई।
सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट टांडा संजीव सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार और उपनिरीक्षक रिंकू सरोज की टीम ने सेंटर पर अचानक पहुंचकर जांच की। टीम ने संचालक कंचन शुक्ला से अल्ट्रासाउंड संचालन का प्रमाणपत्र मांगा। संचालक ने पुराना प्रमाणपत्र दिखाते हुए बताया कि पंजीकरण से जुड़ा मामला लखनऊ स्थित परिवार कल्याण न्यायालय में विचाराधीन है।
जांच के दौरान सेंटर पर अल्ट्रासाउंड कराने के लिए चार मरीज बैठे मिले। मौके पर अल्ट्रासाउंड टेक्नीशियन भी मौजूद नहीं था। इसके बाद टीम ने अल्ट्रासाउंड कक्ष को सील कर दिया। वहीं, अन्य जांच और उपचार संबंधी सेवाओं के प्रमाणपत्र सही मिलने पर उन्हें जारी रखने की अनुमति दी गई।
17 नवंबर को अगली सुनवाई, तब तक सील रहेगा कक्ष
संचालक कंचन शुक्ला के मुताबिक, अल्ट्रासाउंड पंजीकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग के साथ विवाद चल रहा है। मामला परिवार कल्याण न्यायालय में लंबित है और अगली सुनवाई 17 नवंबर को होनी है। उन्होंने कार्रवाई को साजिश बताते हुए दावा किया कि छापेमारी के समय अल्ट्रासाउंड मशीन बंद थी और केवल एक्सरे मशीन चल रही थी।
सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि अल्ट्रासाउंड पंजीकरण का मामला न्यायालय में लंबित है। न्यायालय का निर्णय आने के बाद ही अल्ट्रासाउंड संचालन की अनुमति पर विचार किया जाएगा। तब तक कक्ष सील रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले में बिना वैध अनुमति जांच केंद्रों का संचालन नहीं होने दिया जाएगा।
बसखारी में इससे पहले स्वास्थ्य विभाग अवैध रूप से संचालित प्रकाश डायग्नोस्टिक सेंटर को भी सील कर चुका है।









