मातृभूमि योजना से गांवों में बनेंगे स्वास्थ्य केंद्र और कम्युनिटी हॉल

पांच परियोजनाओं को मिले 80.88 लाख

अंबेडकरनगर। गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित मातृभूमि योजना के तहत जिले में पांच विकास परियोजनाओं को आर्थिक सहयोग मिला है। विभिन्न दानदाताओं ने इन परियोजनाओं के लिए कुल 80.88 लाख रुपये दिए हैं। इसमें अखलासपुर गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और कम्युनिटी हॉल का निर्माण प्रमुख है। इन दोनों परियोजनाओं के लिए अकेले परमात्मा सिंह ने 79.48 लाख रुपये का सहयोग दिया है। इसके अलावा तीन ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए भी धनराशि दी गई है।

अखलासपुर को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

रामनगर विकासखंड की ग्राम पंचायत अखलासपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए परमात्मा सिंह ने 59.97 लाख रुपये दिए हैं। इस परियोजना को जिलाधिकारी स्तर से वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण कार्य के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। केंद्र बनने से गांव और आसपास के क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सामाजिक आयोजनों के लिए बनेगा कम्युनिटी हॉल

अखलासपुर में ही कम्युनिटी हॉल के निर्माण के लिए परमात्मा सिंह ने 19.51 लाख रुपये का सहयोग दिया है। इस परियोजना को भी वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी भी पीडब्ल्यूडी को सौंपी गई है। कम्युनिटी हॉल बनने से ग्रामीणों को सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए एक स्थान उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button