लखनऊ में ट्रिपल मर्डर के आरोपी का घर गिराया

तलाशी में 6 असलहे और 45 कारतूस बरामद- सआदतगंज के ब्राह्मणी टोला नौबस्ता में LDA ने की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

लखनऊ। सआदतगंज में ट्रिपल मर्डर के आरोपी ऋषभ शुक्ला के मकान पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। ब्राह्मणी टोला नौबस्ता स्थित मकान को गिराने के दौरान पुलिस को छह असलहे और 45 कारतूस मिले। बरामद हथियारों में एक सिंगल बैरल बंदूक, एक रिवॉल्वर और एक तमंचा शामिल है। इसके अलावा तीन एयरगन भी बरामद हुई हैं।

पुलिस ने इस मामले में ऋषभ शुक्ला और उसके दो चाचा राजेश शुक्ला व गिरीश शुक्ला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बरामद हथियारों को लेकर आगे की जांच कर रही है।

ध्वस्तीकरण के दौरान हुई असलहों की बरामदगी

पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी। दरोगा आलोक कुमार अपनी टीम और तहसीलदार सदर अविनाश कुमार रावत के साथ वहां पहुंचे थे। इसी दौरान मकान से असलहे और कारतूस बरामद हुए।

आरोपी और दो चाचाओं पर आर्म्स एक्ट में केस

बरामदगी के बाद पुलिस ने ऋषभ शुक्ला के साथ उसके चाचा राजेश शुक्ला और गिरीश शुक्ला को भी मामले में नामजद किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद हथियारों के लाइसेंस और उनके स्वामित्व से जुड़े तथ्यों की जांच महत्वपूर्ण होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button