अकबरपुर। ठंड बढ़ने के साथ ही जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए नारायण फाउंडेशन ने कंबल वितरण अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को फाउंडेशन के संरक्षक और भाजपा जिला उपाध्यक्ष विवेक मौर्य अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के अमौली मोहिउद्दीनपुर और जल्लापुर मसेड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं पर बातचीत की। इस दौरान कंबल वितरण के साथ क्षेत्र की दो अहम मांगें भी सामने आईं। ग्रामीणों ने तमसा नदी पर पक्के पुल के निर्माण और बीसी सखियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
तमसा पर पुल बने तो दो क्षेत्रों के बीच आसान होगा आवागमन
अमौली मोहिउद्दीनपुर के ग्रामीणों ने रामनगर नरसिंहपुर और अमौली मोहिउद्दीनपुर के बीच तमसा नदी पर पक्का पुल बनवाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि यह क्षेत्र की पुरानी मांग है। पुल निर्माण के लिए उन्होंने विवेक मौर्य को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि इस स्थान पर पक्का पुल बनने से दोनों क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
बीसी सखियों ने बताईं कामकाज की मुश्किलें
अमौली मोहिउद्दीनपुर में बीसी सखियों के प्रतिनिधिमंडल ने भी विवेक मौर्य से मुलाकात की। उन्होंने कार्यक्षेत्र में आने वाली व्यावहारिक और प्रशासनिक परेशानियों के साथ आर्थिक दिक्कतों का मुद्दा उठाया। ज्ञापन में ऋण माफी की मांग भी शामिल रही।
विवेक मौर्य ने कहा कि बीसी सखियां गांवों में डिजिटल बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं को घर-घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनकी आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाकर समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।









