गोंड समाज की समस्याओं को लेकर मंत्री ओपी राजभर से मिले प्रतिनिधि

शासनादेश के बावजूद दिक्कतों का आरोप, शिक्षा और प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याएं उठाईं

अंबेडकरनगर। आलापुर में गोंड समाज के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री ओपी राजभर से मुलाकात कर समाज से जुड़ी समस्याएं उठाईं। प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि शासनादेश के बावजूद अधिकारी और कर्मचारी गोंड समाज के लोगों के मामलों में लापरवाही बरत रहे हैं।

प्रतिनिधियों ने बताया कि शिक्षा, प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में समाज के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। उन्होंने सरकार की ओर से तय अधिकार और सुविधाएं समय पर दिलाने की मांग की।

‘शासनादेश के बावजूद लापरवाही बर्दाश्त नहीं’
प्रतिनिधियों ने कहा कि गोंड समाज के लोगों को उनके अधिकारों का लाभ तय प्रक्रिया के अनुसार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासनादेश होने के बाद भी किसी स्तर पर लापरवाही या भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।

महारानी दुर्गावती सेवा सदन धर्मार्थ ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी रामू गोंड ने मंत्री को महारानी दुर्गावती का स्मृति चिह्न भेंट किया। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष दिग्विजय सिंह गोंड ने भगवान बिरसा मुंडा और महारानी दुर्गावती का स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया।

मंत्री बोले- अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएं
मंत्री ओपी राजभर ने प्रतिनिधियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि गोंड समाज के हक, सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई में वह साथ खड़े रहेंगे। उन्होंने समाज से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button