अकबरपुर। छठ पूजा को लेकर नगर पालिका परिषद ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सफाई अभियान चलाया जा रहा है। तमसा तट पर गायत्री मंदिर के पास बैरिकेडिंग का काम पूरा हो चुका है। वहीं, शिवाला घाट और जौहरडीह में भी बैरिकेडिंग कराई जा रही है।
घाटों पर मिलेंगी जरूरी सुविधाएं
नगर पालिका की ओर से घाटों पर शुद्ध पेयजल, पर्याप्त रोशनी, मोबाइल टॉयलेट और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम की व्यवस्था की जाएगी। भीड़ पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। घाटों पर रंगोली बनाने के साथ बैनर और होर्डिंग के जरिए स्वच्छता का संदेश दिया जाएगा।
अर्पण कलश में डालेंगे पूजा सामग्री
घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण के लिए शिवाला घाट के पंडा टोला पर वॉल पेंटिंग कराई जा रही है। इसमें छठ पर्व से जुड़ी आकृतियां बनाई जा रही हैं। पूजा सामग्री के सुरक्षित विसर्जन के लिए घाटों पर अर्पण कलश रखे जाएंगे, ताकि पूजन सामग्री नदी में न डाली जाए। नगर पालिका ने श्रद्धालुओं से घाटों पर सफाई बनाए रखने और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।









