लंदन। ब्रिटेन में भारतीय मूल के 27 वर्षीय बिलाल काजी को 70 नाबालिग लड़कियों को ऑनलाइन फंसाने और ब्लैकमेल करने के मामले में 30 साल की जेल की सजा सुनाई गई है। वह सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म पर खुद को 14 साल का ब्रिटिश लड़का बताकर लड़कियों से दोस्ती करता था। इसके बाद उनसे निजी और अश्लील तस्वीरें व वीडियो मांगता था। तस्वीरें मिलने के बाद उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लड़कियों को अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता था।
बिलाल चेस्टर यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था। शुक्रवार को अदालत ने उसे 37 मामलों में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। इनमें बच्चों की अश्लील तस्वीरें बनाने, ब्लैकमेल करने और नाबालिग लड़कियों को गलत कामों के लिए उकसाने जैसे अपराध शामिल हैं।
‘रीस’ बनकर लड़कियों से करता था दोस्ती
ब्रिटिश पुलिस के मुताबिक, बिलाल ने अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच सोशल मीडिया और गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए लड़कियों को निशाना बनाया। इनमें स्नैपचैट, रोब्लॉक्स और विंक जैसे प्लेटफॉर्म शामिल थे।
वह ‘रीस’ नाम के 14 वर्षीय ब्रिटिश लड़के की नकली पहचान बनाकर लड़कियों से बातचीत करता था। इसके लिए उसने एक दूसरे किशोर की तस्वीरों का इस्तेमाल किया। इस वजह से लड़कियों को लगता था कि वे अपनी ही उम्र के किसी लड़के से बात कर रही हैं।
निजी तस्वीरें मांगकर करता था ब्लैकमेल
पुलिस के अनुसार, बातचीत के दौरान बिलाल धीरे-धीरे लड़कियों से निजी तस्वीरें और वीडियो मांगने लगता था। जब कोई लड़की ऐसा करने से मना करती तो वह भावनात्मक दबाव बनाता और कहता कि प्यार करने वाले लोग एक-दूसरे के साथ ऐसी तस्वीरें साझा करते हैं।
तस्वीरें हासिल करने के बाद वह उन्हें वायरल करने या लड़कियों के दोस्तों और परिवार तक पहुंचाने की धमकी देता था। इस तरह वह उन्हें अपनी बात मानने के लिए मजबूर करता था।
सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर तस्वीरें भेजीं
मामले में सामने आया कि बिलाल ने कुछ लड़कियों के सोशल मीडिया अकाउंट भी हैक किए थे। इसके बाद उनकी निजी तस्वीरें दूसरे लोगों को भेज दीं। पुलिस ने अगस्त 2021 से अगस्त 2025 के बीच की गतिविधियों की जांच की। अदालत ने कुल 37 मामलों में उसे दोषी माना और 30 साल की सजा सुनाई।









