नई दिल्ली। नमो भारत ट्रेन से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) 16 नवंबर 2026 से नमो भारत की नई फास्ट ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इन ट्रेनों के संचालन से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों का समय बचेगा। खासतौर पर सुबह और शाम के व्यस्त समय यानी पीक आवर्स में यात्रियों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।
एनसीआरटीसी के मुताबिक, नई फास्ट ट्रेनें चुनिंदा स्टेशनों पर ही रुकेंगी। इससे सफर के दौरान लगने वाला समय कम होगा। प्रस्तावित समय के अनुसार, आनंद विहार से गाजियाबाद की दूरी महज आठ मिनट में पूरी की जा सकेगी। वहीं, आनंद विहार से बेगमपुल पहुंचने में करीब 36 मिनट लगेंगे।
गाजियाबाद से बेगमपुल का सफर 28 मिनट में
नई व्यवस्था के तहत नमो भारत की फास्ट ट्रेनें दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के सभी स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी। इनके ठहराव सीमित रखे जाएंगे, ताकि यात्रियों को कम समय में गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद से बेगमपुल तक का सफर करीब 28 मिनट में पूरा होगा।
50 मिनट से कम में पूरा होगा कॉरिडोर का सफर
एनसीआरटीसी की इस पहल से पूरे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रा का समय भी कम होने की उम्मीद है। दावा है कि चुनिंदा स्टेशनों पर रुकने वाली फास्ट ट्रेनें पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा कर सकेंगी। नई सेवा शुरू होने से रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य कामों के लिए दिल्ली-मेरठ के बीच आवाजाही करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।









