यातायात माह: अंबेडकरनगर में 1021 वाहनों का चालान, ड्रिंक एंड ड्राइव में 12 चालक मिले नशे में

ट्रक चालकों को रिफ्लेक्टिव टेप लगाने के लिए किया जागरूक, 1220 वाहन चालकों की हुई जांच; यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस की कार्रवाई जारी

अंबेडकरनगर। यातायात माह-2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस का अभियान जारी है। अभियान के 14वें दिन शनिवार को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस ने विशेष जागरूकता और प्रवर्तन अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव ने टीम के साथ विभिन्न स्थानों पर वाहन चालकों को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी दी। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ चालान और जुर्माने की कार्रवाई भी की गई।

होटल और ढाबों पर ट्रक चालकों को दी सुरक्षा की जानकारी
अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने होटल और ढाबों पर खड़े ट्रक चालकों को जागरूक किया। उन्हें वाहनों के पीछे और निर्धारित स्थानों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाने की जरूरत बताई गई। पुलिस ने कहा कि रात के समय रिफ्लेक्टिव टेप से वाहन दूर से दिखाई देते हैं। इससे पीछे से आने वाले वाहनों को सतर्क होने का अवसर मिलता है। इसके साथ ही ट्रकों का नियमित रखरखाव करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की जानकारी भी दी गई।

हेलमेट से लेकर ओवरस्पीडिंग तक पर समझाए नियम
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न नियमों की जानकारी दी। लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और गलत दिशा में वाहन न चलाने की हिदायत दी गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button