डॉक्टरों की सटीक गेंदबाजी, 98 रन का लक्ष्य 10.2 ओवर में हासिल

सड़क सुरक्षा सद्भावना कप में डॉक्टर्स इलेवन की तीन विकेट से जीत, आमोद बने प्लेयर ऑफ द मैच

अंबेडकरनगर। आराध्या श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सड़क सुरक्षा सद्भावना कप क्रिकेट मुकाबले में डॉक्टर्स इलेवन ने पंचायत सचिव इलेवन को तीन विकेट से हरा दिया। जेएसआर क्रिकेट एकेडमी, अकबरपुर के मैदान पर पंचायत सचिव इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर में नौ विकेट खोकर 97 रन बनाए। जवाब में डॉक्टर्स इलेवन ने 10.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 98 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

61 रन पर मजबूत स्थिति, फिर लड़खड़ाई पंचायत सचिव टीम
डॉक्टर्स इलेवन के कप्तान डॉ. जीडी वर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंचायत सचिव इलेवन ने शुरुआती 10 ओवर में तीन विकेट पर 61 रन बनाकर अच्छी स्थिति बना ली थी। इसके बाद डॉक्टर्स इलेवन ने गेंदबाजी में बदलाव किया।

कप्तान वर्मा ने रोहित को गेंदबाजी पर लगाया। रोहित ने एक ही ओवर में दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर पंचायत सचिव इलेवन पर दबाव बढ़ा दिया। इसके बाद डॉ. अनीश ने सटीक गेंदबाजी करते हुए बल्लेबाजों को खुलकर रन बनाने का मौका नहीं दिया। उन्होंने तीन विकेट लिए। डॉ. आमोद ने भी तीन विकेट हासिल किए।

पंचायत सचिव इलेवन की ओर से मनीष यादव ने 30 रन बनाए। अनुराग और विवेक यादव ने 11-11 रन का योगदान दिया।

आमोद की पारी से आसान हुई जीत
98 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डॉक्टर्स इलेवन की शुरुआत अच्छी रही। टीम ने 10.2 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। डॉ. आमोद ने 30 रन बनाए। डॉ. हेमंत सिंह पालीवाल ने 24, डॉ. अभिनीत ने 16 और डॉ. चंद्रभान ने 12 रन बनाए।

पंचायत सचिव इलेवन की ओर से आदित्य, सानू और अनिल सिंह ने एक-एक विकेट लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button