अम्बेडकरनगर। चार दिवसीय छठ महापर्व का सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ समापन हो गया। भोर से ही जिले के विभिन्न घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से सूर्यदेव और छठी मैया की पूजा की। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर पारण किया। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और खुशहाली की कामना की गई।
नहाय-खाय से शुरू हुए महापर्व के अंतिम दिन घाटों पर विशेष रौनक रही। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक दउरा और सूप में फल, फूल और प्रसाद सजाकर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया। जनपद मुख्यालय से लेकर आलापुर क्षेत्र, सरयू नदी के घाटों और तमसा नदी के किनारे बने पूजा स्थलों तक छठी मैया के जयकारे गूंजते रहे।
घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के रहे इंतजाम
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। आवागमन को सुचारु रखने के लिए भी इंतजाम किए गए। जिलाधिकारी ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह चारों दिन भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं। दोनों अधिकारियों ने सरयू नदी के विभिन्न घाटों, तमसा नदी क्षेत्र और अन्य प्रमुख पूजा स्थलों का निरीक्षण किया।
चहोड़ा घाट पर व्रती महिलाओं के साथ डीएम ने दिया अर्घ्य
आलापुर तहसील क्षेत्र के चहोड़ा घाट पर छठ पूजा के दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया व्रती महिलाओं के बीच पहुंचीं। उन्होंने सरयू नदी में उतरकर महिलाओं के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
इस दौरान महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ रामनगर की ब्लॉक महामंत्री वंदना पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष शशिकला मिश्रा सहित अन्य कार्यकत्रियां मौजूद रहीं। डीएम ने वंदना पांडे के पैर छूकर आशीर्वाद भी लिया। घाट पर मौजूद लोगों के बीच यह दृश्य चर्चा का विषय रहा।









