वॉशिंगटन। अमेरिका में पिछले कुछ दिनों से सरकारी एजेंसियों, बैंकों, टेक कंपनियों और विमानन सेवाओं के सिस्टम में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। इन घटनाओं ने देश की डिजिटल और संचार व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को अमेरिकी खुफिया एजेंसी नेशनल सिक्योरिटी एजेंसी (NSA) का सीक्रेट कम्युनिकेशन नेटवर्क भी ठप हो गया। यह नेटवर्क एजेंसी के गोपनीय संचार के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
इसी दिन टेक कंपनी एपल की कई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में सामने आ रही इन तकनीकी समस्याओं के कारण सरकारी कामकाज से लेकर आम लोगों की डिजिटल सेवाओं तक पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
माइक्रोसॉफ्ट, बैंकिंग और एयरलाइंस के सिस्टम भी प्रभावित
NSA और एपल की सेवाओं में आई खराबी से पहले भी अमेरिका में कई बड़े संस्थानों के सिस्टम में तकनीकी दिक्कतें आ चुकी हैं। इनमें माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, बैंकिंग सिस्टम, विमान यातायात नियंत्रण व्यवस्था और यूनाइटेड एयरलाइंस के सिस्टम शामिल हैं।
इन घटनाओं के चलते अलग-अलग समय पर डिजिटल सेवाओं और परिचालन व्यवस्था में बाधा आई। खास बात यह है कि एक के बाद एक अलग-अलग क्षेत्रों में तकनीकी गड़बड़ियां सामने आने से इनके पीछे किसी साझा कारण की आशंका को लेकर भी सवाल उठने लगे।
मार्को रूबियो बोले- साइबर अटैक के सबूत नहीं
लगातार सामने आ रही इन गड़बड़ियों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने स्थिति पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि सभी घटनाएं अलग-अलग तकनीकी कारणों से हुई हैं। अब तक किसी साइबर अटैक या विदेशी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं।
रूबियो के बयान के मुताबिक, फिलहाल इन घटनाओं को किसी एक बड़े हमले या विदेशी हस्तक्षेप से जोड़ने का आधार नहीं है। हालांकि, अलग-अलग संस्थानों के सिस्टम में लगातार आ रही खराबियों ने अमेरिका की तकनीकी और संचार व्यवस्था की विश्वसनीयता को लेकर चर्चा तेज कर दी है।









