अम्बेडकरनगर। अंबेडकरनगर में मंगलवार देर रात पुलिस और कथित सुपारी किलर वाहिद अंसारी के बीच मुठभेड़ हो गई। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा मंदिर के पास हुई इस मुठभेड़ में वाहिद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मारा गया। पुलिस के मुताबिक, उसके सीने और पैर में चार गोलियां लगी थीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब सात किलोमीटर दूर रात लगभग 12 बजे हुई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगने से वह बाल-बाल बच गईं।
घेराबंदी होते ही पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात सूचना मिली थी कि वाहिद अंसारी शहर में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और संभावित स्थान पर घेराबंदी की।
बताया गया कि पुलिस टीम को देखकर वाहिद ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान वाहिद को चार गोलियां लगीं, जिनमें दो सीने और दो पैर में लगने की जानकारी दी गई है। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा।
पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।









