रास्ता बंद होने से 700 की आबादी कैद

पगडंडी के सहारे स्कूल जाने को मजबूर बच्चे

भीटी–अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम खेमापुर सरैया स्थित एक पुरवे का मुख्य संपर्क मार्ग पिछले एक सप्ताह से बंद कर दिया गया है। इससे करीब 48 घरों के 700 ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। राजभर और दलित बाहुल्य इस बस्ती के लोग पिछले सात दिनों से अपने ही घरों में कैद होकर रह गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार पुरवे में प्रवेश करने का यह एकमात्र मुख्य रास्ता था। रास्ता बंद हो जाने से हालात इतने खराब हो गए हैं कि बाइक तो दूर गांव के भीतर एक साइकिल तक नहीं जा पा रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। पिछले एक हफ्ते से छोटे बच्चे खेतों की संकरी और ऊबड़-खाबड़ पगडंडियों से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत मिलने पर उप जिलाधिकारी भीटी ने मौके का निरीक्षण भी किया, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामला आज भी जस का तस बना हुआ है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी गहरी नाराजगी है कि संकट की इस घड़ी में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी उनकी सुध नहीं ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button