अम्बेडकरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने की पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मुहिम एक बार फिर चर्चा में है। अकबरपुर के शिवबाबा बैरियर के पास देर रात हुई मुठभेड़ में कुख्यात सुपारी किलर व हथियार सप्लायर वाहिद अंसारी के मारे जाने के साथ ही एसपी प्राची सिंह के कार्यकाल में यह दूसरी बड़ी पुलिस मुठभेड़ दर्ज हो गई है। इस कार्रवाई के दौरान एसपी प्राची सिंह स्वयं मौके पर मोर्चा संभाले हुए थीं। बदमाशों की ओर से हुई अंधाधुंध फायरिंग में एक गोली सीधे एसपी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर आ लगी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। मुठभेड़ में शहर कोतवाल भूपेंद्र सिंह और एसओजी सिपाही सोनू यादव भी घायल हुए। छह महीने में दो बड़े एनकाउंटर एसपी प्राची सिंह के नेतृत्व में महज छह महीने के भीतर पुलिस ने दूसरे बड़े अपराधी को मुठभेड़ में ढेर किया है। इससे पहले अकबरपुर के मीरानपुरा मोहल्ले में एक महिला और चार बच्चों की नृशंस हत्या के मुख्य आरोपी आमिर को पुलिस ने नेवरिया बाईपास के पास मुठभेड़ में मार गिराया था। उस सामूहिक हत्याकांड को प्रेम प्रसंग और संपत्ति के लालच से जोड़कर देखा गया था।









