अम्बेडकरनगर। जनपद में चल रहे यातायात माह नवम्बर-2026 के 17वें दिन पुलिस प्रशासन द्वारा छात्र-छात्राओं को जागरूक करने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में यातायात पुलिस की टीम ने नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की सलाह दी गई। दूसरी ओर यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सेफ स्पीड’ के तहत जनपद के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तेज रफ्तार (ओवरस्पीडिंग) में वाहन चलाने वाले 340 चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को मिलाकर पूरे दिन में कुल 510 वाहनों के चालान काटे गए। पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर भी शिकंजा कसा है।









