फ्लोरिडा। अमेरिका के फ्लोरिडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही परिवार के चार सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतकों में उसके तीन छोटे बच्चे और पत्नी शामिल हैं। बच्चों की उम्र महज एक, तीन और पांच साल थी।
घटना के दौरान घर से की गई 911 इमरजेंसी कॉल की रिकॉर्डिंग में एक बच्चे की आवाज सुनाई दी। बच्चा बार-बार अपने पिता से उसे गोली नहीं मारने की गुहार लगा रहा था। इस कॉल में सुनाई देने वाली आवाजों ने मामले को और भी गंभीर बना दिया है।
911 कॉल पर सुनाई दी बच्चे की गुहार
हिल्सबरो काउंटी के शेरिफ चाड क्रोनिस्टर के मुताबिक, गुरुवार दोपहर पुलिस को एक घर से 911 इमरजेंसी कॉल मिली थी। कॉल कनेक्ट थी, लेकिन दूसरी तरफ से कोई स्पष्ट रूप से बात नहीं कर रहा था। फोन खुला रहने के कारण डिस्पैचर को घर के भीतर की आवाजें सुनाई दे रही थीं।
इसी दौरान एक बच्चे की आवाज सुनाई दी, जो बार-बार कह रहा था, “पापा, मुझे गोली मत मारो… पापा, मुझे मत मारो।” कॉल के दौरान एक व्यक्ति की आवाज भी सुनाई दी, जिसने कहा, “सॉरी बडी।” इसके तुरंत बाद गोली चलने जैसी तेज आवाज आई।
पुलिस पहुंची तो घर में मिले पांच शव
शेरिफ के अनुसार, 19 नवंबर को दोपहर करीब 3:29 बजे यह कॉल मिली थी। पुलिस टीम लगभग 10 मिनट बाद मौके पर पहुंची। घर के अंदर एक पुरुष, एक महिला और तीन बच्चों के शव मिले। सभी की मौत गोली लगने से हुई थी। शुरुआती जांच में इसे हत्या के बाद आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।









