अंबेडकरनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिले में मतदाता जागरूकता अभियान शुरू कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर शुक्रवार से ईवीएम प्रदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके तहत मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मॉक वोटिंग के जरिए मतदान की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा।
कलेक्ट्रेट से सभी तहसीलों को भेजी गईं ईवीएम
जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया की उपस्थिति में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस से सभी तहसीलों के लिए ईवीएम मशीनें वितरित की गईं। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योत्स्ना बंधु के साथ जिले में स्थापित किए गए प्रदर्शन केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मतदाता जागरूकता कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
मॉक वोटिंग से समझाई जाएगी मतदान की प्रक्रिया
निर्वाचन विभाग की ओर से जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में रिटर्निंग अधिकारी के मुख्यालय पर ईवीएम प्रदर्शन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट के काम करने के तरीके के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मॉक बैलेट के माध्यम से मतदाताओं को मतदान करने का अभ्यास कराया जाएगा। उन्हें बताया जाएगा कि ईवीएम पर वोट दर्ज करने की प्रक्रिया क्या है और मतदान के बाद वीवीपैट मशीन से निकलने वाली पर्ची किस तरह दिखाई देती है। इसके साथ ही मतदान प्रक्रिया से जुड़ी शंकाओं और सवालों का समाधान भी किया जाएगा।









