जंग के बीच होर्मुज स्ट्रेट में 15 किमी तैरे ब्रिटिश तैराक

3 दिन तक समुद्र में बिताए साढ़े 6 घंटे

लंदन। युद्ध के बीच ब्रिटेन के मशहूर लंबी दूरी के तैराक लुईस प्यू ने होर्मुज स्ट्रेट में करीब 15 किलोमीटर तक तैराकी की। उन्होंने यह दूरी तीन दिनों में अलग-अलग हिस्सों में पूरी की। इस दौरान वह कुल साढ़े छह घंटे समुद्र के पानी में रहे। तैराकी के दौरान उन्होंने तेल टैंकरों और दूसरे जहाजों पर हमले होते भी देखे। 56 वर्षीय प्यू ने यह अभियान युद्ध के कारण समुद्री जीवों और पर्यावरण को हो रहे नुकसान की ओर दुनिया का ध्यान खींचने के लिए किया।

ओमान से शुरू किया तैराकी अभियान

लुईस प्यू ने ओमान के मुसंदम इलाके से तैराकी शुरू की और होर्मुज स्ट्रेट तक पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा कारणों से पूरी दूरी एक साथ तय नहीं की, बल्कि तीन दिनों में अलग-अलग हिस्सों में तैराकी की। इस दौरान उन्होंने कुल करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय की और साढ़े छह घंटे पानी में बिताए।

प्यू संयुक्त राष्ट्र (UN) में समुद्रों की सुरक्षा से जुड़े विशेष प्रतिनिधि हैं। बताया जा रहा है कि युद्ध शुरू होने के बाद इस इलाके में इतनी लंबी दूरी तक तैराकी करने वाले वह पहले व्यक्ति हैं।

टैंकरों पर हमलों से समुद्र में प्रदूषण का खतरा

ब्रिटिश तैराक ने चेतावनी दी कि फरवरी से अब तक इस क्षेत्र में कई दर्जन तेल टैंकरों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे जहाजों से तेल और केमिकल समुद्र में फैलने का खतरा बना हुआ है। इसका असर केवल समुद्री पानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समुद्री पारिस्थितिकी तंत्र को लंबे समय तक नुकसान पहुंच सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button