सुप्रीम कोर्ट ने सासाराम के अपर सत्र न्यायाधीश को लगाई फटकार

कहा- न्यायिक शक्तियों का प्रदर्शन न करें- एसपी को कोर्ट के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराने से जुड़ा मामला

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को बिहार के सासाराम में तैनात एक अपर सत्र न्यायाधीश को कड़ी फटकार लगाई। मामला एक पुलिस अधीक्षक (एसपी) को अदालत के आदेश की अवहेलना का दोषी ठहराने से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार के काम करने के तरीके पर गंभीर सवाल उठाए।

पीठ ने न्यायिक अधिकारी के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी न्यायिक शक्तियों का प्रदर्शन करने से बचना चाहिए। अदालत ने टिप्पणी की कि न्यायिक अधिकारों का इस्तेमाल कानून और निर्धारित प्रक्रिया के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए।

जज की कानून संबंधी समझ पर उठाए सवाल

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने अपर सत्र न्यायाधीश के काम करने के तरीके पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “कानून को लेकर आपकी समझ हैरान करने वाली है। आपने इतने आक्रामक तरीके से एसपी को बुलाया और उसी दिन उन्हें दोषी भी ठहरा दिया।”

जस्टिस बागची ने न्यायिक अधिकारी की कानूनी समझ को लेकर भी गंभीर टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि कानून को लेकर न्यायिक अधिकारी की समझ बेहद भयावह है।

नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह

सुप्रीम कोर्ट ने न्यायिक अधिकारी को नेशनल ज्यूडिशियल एकेडमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। जस्टिस बागची ने कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल करते समय किसी को ‘बाहुबली’ बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।

अदालत की इस टिप्पणी के जरिए न्यायिक अधिकारियों को उनके अधिकारों और जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। मामले में सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई और टिप्पणियां न्यायिक प्रक्रिया के पालन तथा न्यायिक शक्तियों के जिम्मेदार इस्तेमाल के महत्व को रेखांकित करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button