खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में 25 दिन के भीतर दूसरी बार भूकंप के झटके महसूस किए गए। शनिवार सुबह 9:15 बजे आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई। करीब 3 से 4 सेकंड तक जमीन में कंपन महसूस हुआ। भूकंप का केंद्र मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से लगे सतपुड़ा क्षेत्र में बताया गया है।
खरगोन से 35 किलोमीटर दूर था भूकंप का केंद्र
भूकंप का केंद्र खरगोन जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर और जमीन से 10 किलोमीटर नीचे स्थित था। इसके झटके खरगोन के अलावा सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर और भीकनगांव के सीमावर्ती इलाकों में भी महसूस किए गए। 25 दिन के भीतर दूसरी बार भूकंप आने से क्षेत्र में लोगों के बीच हलचल रही।
18 अक्टूबर को भी आया था भूकंप
इससे पहले 18 अक्टूबर को दोपहर 12:14 बजे खरगोन क्षेत्र में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। उस समय इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.1 दर्ज की गई थी। उस भूकंप का केंद्र भी जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। इस तरह करीब 25 दिन के अंतराल में क्षेत्र में दूसरी बार भूकंपीय गतिविधि दर्ज की गई है।
खरगोन के बाद लेह-लद्दाख में भी झटके
नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी के मुताबिक, खरगोन में भूकंप आने के बाद शनिवार सुबह 10:29 बजे लेह-लद्दाख क्षेत्र में भी भूकंप दर्ज किया गया। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 रही। यानी खरगोन में झटके महसूस होने के करीब एक घंटे बाद लद्दाख क्षेत्र में भी भूकंपीय गतिविधि दर्ज की गई।









