दिल्ली के कैफे में 22 साल की युवती से गैंगरेप का आरोप, तीन गिरफ्तार

प्रीत विहार में पार्टी के दौरान वारदात का आरोप, एक महिला समेत तीन आरोपी पकड़े गए; तीन अन्य फरार

नई दिल्ली। दिल्ली के प्रीत विहार स्थित एक कैफे में 22 साल की युवती से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती इसी कैफे में काम करती थी। उसने अपने दो पुरुष सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य की तलाश की जा रही है। यह घटना सोमवार रात की बताई जा रही है।

कैफे बंद होने के बाद दोबारा खोला गया

पीटीआई के मुताबिक, कैफे एक मॉल में स्थित है। सोमवार रात करीब 11:30 बजे कैफे बंद हो गया था। हालांकि, पार्टी में शामिल एक व्यक्ति के पास कैफे की चाबी थी। उसने कैफे दोबारा खोला, जिसके बाद युवती समेत छह सहकर्मी अंदर पार्टी करने लगे।

पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान सभी ने शराब पी। मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे सभी लोग कैफे से बाहर निकले।

दो सहकर्मियों पर दुष्कर्म का आरोप

युवती ने आरोप लगाया कि पार्टी के दौरान उसके दो पुरुष सहकर्मियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने वहां मौजूद अन्य साथियों पर भी आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।

मुंबई में नाबालिग से यौन उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार

इसी बीच, मुंबई के विक्रोली इलाके में 13 साल की बच्ची से यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। बच्ची की मां की शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर के पहले सप्ताह में कपड़े बेचने वाले एक व्यक्ति ने नाप लेने के बहाने बच्ची को घर के पास बुलाया और उसके साथ गलत तरीके से छुआ। इसके बाद वह बार-बार बच्ची का पीछा भी करता रहा।

भागने की कोशिश कर रहा था आरोपी

शिकायत के अनुसार, 24 नवंबर को बच्ची की मां ने आरोपी को इलाके में पहचान लिया। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button