कोकराझार। असम के कोकराझार में आयोजित एक पार्टी के दौरान दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के बीच मारपीट होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस के बाद कोकराझार के एसएसपी अक्षत गर्ग और डीआईजी वाईटी गेत्सु आपस में भिड़ गए। हाथापाई में एसएसपी अक्षत गर्ग को कई चोटें आई हैं। हालांकि, विवाद की असली वजह अभी सामने नहीं आई है।
7वीं असम पुलिस बटालियन परिसर में हुई पार्टी
जानकारी के मुताबिक, पार्टी सराईखोला स्थित 7वीं असम पुलिस बटालियन के परिसर में आयोजित की गई थी। यह पार्टी एसएसपी अक्षत गर्ग की ओर से दी गई थी। इसमें डीआईजी वाईटी गेत्सु भी शामिल हुए थे।
इसी दौरान दोनों अधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि इस दौरान एसएसपी गर्ग को कई चोटें आईं।
विवाद की वजह और पार्टी की तारीख स्पष्ट नहीं
घटना किस तारीख को हुई, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों अधिकारियों के बीच विवाद किस मुद्दे पर शुरू हुआ था, यह भी स्पष्ट नहीं है।
पुलिस मुख्यालय ने नहीं दिया आधिकारिक बयान
इस मामले में असम पुलिस मुख्यालय की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में घटना से जुड़ी परिस्थितियों और दोनों अधिकारियों की भूमिका को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।









