RJD सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत बिगड़ी -दिल्ली रेफर करने की तैयारी

  • बीते दो दिनों से लालू यादव की तबीयत खराब है।

  • ब्लड शुगर बढ़ने से उनकी तकलीफ बढ़ गई है।

  • एक पुराने जख्म में समस्या होने की खबर है।

पटना। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की तबीयत खराब होने के कारण उनके पटना स्थित राबड़ी देवी आवास पर डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने के कारण उनका एक पुराना घाव फिर से समस्या खड़ी कर रहा है। डॉक्टरों ने दिल्ली में उन्नत चिकित्सा सुविधा की जरूरत बताते हुए उन्हें तुरंत शिफ्ट करने की सलाह दी है।

इससे पहले 26 मार्च को लालू यादव पटना के गर्दनीबाग में वक्फ संशोधन बिल के विरोध में हुए प्रदर्शन में शामिल हुए थे। तेजस्वी यादव के साथ उन्होंने इस बिल के खिलाफ विरोध दर्ज कराया था और सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि यह जनता के हितों के खिलाफ है

पिछले एक दशक में लालू यादव को कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ा है। 2024 में मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में उनकी एंजियोप्लास्टी हुई थी, जिसमें उन्हें स्टेंट लगाया गया। 2022 में सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने अपनी किडनी डोनेट की थी। इसके अलावा, 2014 में ओपन हार्ट सर्जरी के दौरान एऑर्टिक वॉल्व बदला गया था

हाल ही में, चुनाव की तैयारियों के बीच लालू यादव अपने समर्थकों से मुलाकात कर रहे थे। 23 मार्च को वैशाली में एक कार्यक्रम के दौरान एक समर्थक उनके लिए लिट्टी-चोखा लेकर आया, जिसे उन्होंने चखा और चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की

फिलहाल, RJD के नेता और उनके परिवार के सदस्य उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं। उन्हें दिल्ली में AIIMS या किसी बड़े अस्पताल में भर्ती कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। उनके समर्थक भी उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं

Back to top button