Revenue और Profit दोनों में बड़ी छलांग- AESL ने बटोरी सुर्खियां

  • कंपनी ने ₹6,596 करोड़ की टोटल इनकम और ₹647 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया
  • प्रति शेयर ₹0.80 का अंतरिम डिविडेंड घोषित
  • ट्रांसमिशन नेटवर्क और ऑर्डर बुक में रिकॉर्ड ग्रोथ

मुंबई। अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड (AESL) ने वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के नतीजे जारी कर दिए हैं, जिसमें कंपनी ने 647 करोड़ रुपए का समेकित शुद्ध मुनाफा दर्ज किया है। यह मुनाफा पिछले साल की तुलना में 79% अधिक है। वहीं, कंपनी की कुल आय 6,596 करोड़ रुपए रही, जो सालाना आधार पर 36% की बढ़ोतरी दर्शाती है। कंपनी की कुल कमाई में 6,375 करोड़ रुपए ऑपरेशनल रेवेन्यू से आए, जबकि खर्च 5,412 करोड़ और टैक्स 287 करोड़ रुपए रहा। अडाणी एनर्जी का यह प्रदर्शन निवेशकों के लिए राहतभरा रहा है।

शेयरधारकों को तोहफा, ₹0.80 प्रति शेयर डिविडेंड

कंपनी के निदेशक मंडल ने शेयरधारकों को ₹0.80 प्रति शेयर के अंतरिम लाभांश को मंजूरी दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक कंपनी के बेहतर नतीजे शेयर की दिशा को और मजबूत कर सकते हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगर शेयर ₹980 के ऊपर का ब्रेकआउट देता है तो वह ₹1,080 से ₹1,200 के स्तर तक जा सकता है।

शेयर परफॉर्मेंस कैसा रहा?

चौथी तिमाही के नतीजों के बाद अडाणी एनर्जी का शेयर गुरुवार को 2.58% की तेजी के साथ ₹963 पर बंद हुआ। बीते 5 दिनों में स्टॉक 7.5% ऊपर चढ़ा है, जबकि एक महीने में यह करीब 17% बढ़ा है। हालांकि, 6 महीने और एक साल की अवधि में शेयर ने क्रमशः 2% और 8% की गिरावट दर्ज की है। फिलहाल कंपनी की मार्केट वैल्यू 1.16 लाख करोड़ रुपए है।

भारत की सबसे बड़ी प्राइवेट ट्रांसमिशन कंपनी

अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, जिसे पहले अडाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड के नाम से जाना जाता था, देश की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की ट्रांसमिशन कंपनी है।

Back to top button