
- कांग्रेस नेता ने हमले में मारे गए लोगों को ‘शहीद’ का दर्जा देने की उठाई मांग
- राहुल बोले – आतंकवादियों को भुगतना होगा अपने कृत्य का परिणाम
- पीड़ित परिवारों से मिलकर भावुक हुए राहुल गांधी, केंद्र सरकार से सख्त कदम की अपील
कानपुर। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों से मुलाकात के लिए कानपुर का दौरा किया। राहुल गांधी ने शोकाकुल परिवारों से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त कीं और हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा देने की मांग की। राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला और कहा, “आतंकियों को इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समय व्यर्थ नहीं करना चाहिए। सरकार को तुरंत एक्शन लेना चाहिए।”
शहीद का दर्जा देने की मांग
राहुल गांधी ने कहा कि पीड़ित परिवारों ने उनके जरिए प्रधानमंत्री को एक संदेश भेजा है। “मैं पीड़ित परिवारों की ओर से कहना चाहता हूं कि इस हमले में मारे गए लोगों को शहीद का दर्जा और सम्मान दिया जाना चाहिए,” उन्होंने कहा।
आतंकियों को चेतावनी: अंजाम भुगतना होगा
राहुल गांधी ने हमले की कड़ी निंदा करते हुए दो टूक कहा कि, “जिन लोगों ने यह किया है, जो इसमें शामिल हैं – वे कहीं भी हों – उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा। हिंदुस्तान के साथ ऐसा नहीं किया जा सकता।”
विपक्ष सरकार के साथ
कांग्रेस नेता ने इस मुद्दे पर विपक्ष की एकजुटता जताते हुए कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा विपक्ष सरकार के साथ खड़ा है। “हमने स्पष्ट कर दिया है कि ये स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री को एक्शन लेना होगा – और हम उनके साथ हैं।”
अंतरराष्ट्रीय समर्थन भी बढ़ा
इस बीच पहलगाम हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी निंदा हो रही है। इज़राइल के बाद एक अन्य शक्तिशाली देश ने भारत का समर्थन करते हुए इस हमले की कड़ी आलोचना की है।







